Now Reading
दिवाली की आहट — बचपन के आँगन से आज की कृतज्ञता तक

दिवाली की आहट — बचपन के आँगन से आज की कृतज्ञता तक

Hemant Kamdi
दिवाली

इस लेख में लेखक हेमंत कामडी ने बचपन की दिवाली की यादों, गाँव के त्योहारों, बदलते समय और जीवन में संतुष्टि तथा कृतज्ञता के महत्त्व पर प्रकाश डाला है। इसमें व्यक्तिगत अनुभवों के माध्यम से खुशियों और प्रकाश के संबंध को सरल भाषा में व्यक्त करने का प्रयास किया गया है।

दिवाली का त्योहार आते ही मुझे सबसे पहले अपना बचपन याद आता है। दिवाली में सबसे ज़्यादा मज़ा बच्चों को ही आता है। वे पूरे साल उसका इंतज़ार करते हैं, जैसे हम किया करते थे। हमारे बचपन में दिवाली आने का पता कैलेंडर से नहीं, सर्दियों की शुरुआत और हवा में आने वाली हल्की ठंडक से लग जाता था। फिर शुरू होती थीं घर और आँगन की तैयारियाँ।

आँगन की रंगोली मुझे आज भी याद है। हमारे पास एक छोटा-सा रोलर होता था, जिसमें चावल का आटा भरते थे। गर्दन नीचे झुकाकर, किसी जंगली जानवर की तरह, मुँह से गाड़ी की ‘भुर्र-भुर्र’ आवाज़ निकालते हुए हम उसे सीधी रेखा में घुमाते जाते। पीछे रंगोली का डिज़ाइन बनता जाता। उसी रोलर से हमारे और चाचा के आँगन की सीमा भी बनती थी। दीये तैयार करना, उनमें तेल और बत्तियाँ डालना और उन्हें जगह-जगह सजाना हमारा काम था।

माँ चकली, चिवड़ा, लड्डू, अनारसा, करंजी, शक्करपारे और सेव जैसे कितने ही पकवान बनाती थीं। हम पास जाते तो माँ भगा देतीं—”गरम तेल की कड़ाही से दूर रहो!” लेकिन मौका मिलते ही दिन भर चूहों की तरह उन पकवानों को कुतरते रहते। रिश्तेदार अपने घर के पकवान लेकर आते और हम अपने यहाँ के पकवान प्लास्टिक की छोटी पन्नियों में भरकर उनके घर पहुँचाते। हमारे यहाँ इतनी अलग-अलग चकलियाँ जमा हो जातीं कि उनके रंग, आकार और स्वाद से हम पहचान लेते कि कौन-सी किसके घर की है।

लेकिन बच्चों के लिए दिवाली का सबसे बड़ा आकर्षण पटाखे ही थे। पापा टिकली, रोल और मिर्ची जैसे छोटे पटाखे लाते थे। किस्मत अच्छी हुई तो रोल फोड़ने वाली खिलौने की बंदूक भी मिल जाती, नहीं तो हमारे अपने जुगाड़ थे। लाल रंग के कुछ बड़े पटाखों को हम ‘छप्पन के पटाखे’ कहते थे। ऐसा नाम क्यों था, न तब पता था, न जानने की ज़रूरत लगी। पटाखे मिले, बस हम खुश! फुलझड़ियाँ, रंगीन रोशनी देने वाली डिब्बियाँ और ‘साँप की गोली’ भी हमारी दुनिया का हिस्सा थीं। छोटी-सी गोली से लंबा-सा काला साँप निकलता देखकर हम हैरान रह जाते थे।

बड़े बच्चे लक्ष्मी बम और हरे रंग के सुतली बम फोड़ते थे। लक्ष्मी बम फूटता तो अख़बार के टुकड़े हवा में बिखर जाते। हम उन्हें बटोरकर दोबारा हवा में उछालते और नाचते। सुतली बम का धमाका कान सुन्न कर देता था। तबेले में गाय-बैल घबरा जाते और बड़े लोग बम फोड़ने वालों को डाँटते। पापा हमें कभी इतने बड़े पटाखे नहीं देते थे। हम दूसरों को देखकर ही खुश हो जाते थे।

हमारे गाँव में अन्नासाहेब सावकार के घर लक्ष्मी पूजन पर एक हज़ार, कभी दस हज़ार पटाखों की लड़ियाँ जलाई जाती थीं। उनका घर हमारे स्कूल के पास था और आतिशबाज़ी स्कूल के खेल मैदान में होती थी। देर तक चलने वाली उस लड़ी को देखना हमारे लिए बड़े उत्साह की बात थी। और अगले दिन हम उसी मैदान में पहुँच जाते—पिछली रात के बचे हुए, न फूटे पटाखे चुनने। उस समय हमें उनमें भी खज़ाना दिखाई देता था।

आज वे दिन याद करता हूँ तो लगता है कि बहुत कुछ बदल गया है। अब लक्ष्मी जी या किसी भी धर्म के देवी-देवता की तस्वीर वाले पटाखे फोड़ने की इच्छा नहीं होती। सुतली बम का जो धमाका बचपन में मज़ेदार लगता था, वही अब तकलीफ़ देता है। दस हज़ार पटाखों की लड़ी न कभी खरीदी, न उसकी कीमत पूछी। बड़े स्काई शॉट्स आज भी दूसरों को चलाते देखकर ही आनंद ले लेता हूँ। लेकिन एक बात नहीं बदली—पापा हमारे लिए जो छोटे पटाखे लाते थे, आज मैं अपने बच्चों के लिए लगभग वही बच्चों वाले पटाखे लाता हूँ, कुछ नए फैंसी पटाखे मिलाकर।

एक फर्क और है। जिस मैदान में हम दूसरों के बचे हुए पटाखे चुनते थे, आज मेरे बच्चों को वहाँ कुछ चुनने की ज़रूरत नहीं पड़ती। तब लगता है कि हम जीवन में कुछ आगे आए हैं। सब कुछ नहीं मिला, सब कुछ मिल भी नहीं सकता; पर जो मिला है, वह कई मायनों में अपेक्षा से अधिक है। यह सोचते ही मन में कृतज्ञता आती है।

मेरे बचपन के कुछ मित्रों के बच्चे आज भी उसी मैदान में पटाखे चुनते हैं। यह सोचकर दुख भी होता है। फिर अपना बचपन याद आता है—हम भी उनमें खुशियाँ ढूँढ़ते थे, वे बच्चे भी शायद ढूँढ़ते होंगे। इससे परिस्थितियों का महत्त्व कम नहीं होता, लेकिन इतना ज़रूर समझ में आता है कि खुशी केवल इस पर निर्भर नहीं करती कि हमारे पास कितना है; इस पर भी करती है कि जो है, उसे हम किस नज़र से देखते हैं।

इसीलिए ‘एटीट्यूड ऑफ ग्रैटिट्यूड’—कृतज्ञता का भाव—बहुत ज़रूरी है। हम अक्सर जीवन में जो नहीं मिला, उसके बारे में सोचते रहते हैं। लेकिन कभी उन लोगों को याद करना भी ज़रूरी है जिन्होंने हमारे जीवन को बेहतर बनाया है। माता-पिता, परिवार, मित्र, शिक्षक, सहकर्मी और न जाने कितने लोग हमारी जीवन यात्रा में अपना योगदान देते हैं। उनके प्रति आभार व्यक्त करना और जो कुछ हमारे पास है, उसकी अहमियत समझना भी खुश रहने का एक तरीका है।

See Also
7 SECRETS OF THE GODDESS

दिवाली खुशी का त्योहार है और प्रकाश का भी। खुशियाँ हमें आसपास की छोटी-बड़ी चीज़ों में मिल सकती हैं। प्रकाश केवल दीये की रोशनी नहीं; वह ज्ञान और समझ भी है, जो हमें यह देखने में मदद करती है कि जीवन ने हमें कितना कुछ दिया है। जब इस समझ के साथ संतुष्टि और कृतज्ञता जुड़ती है, तो खुशियाँ और बढ़ जाती हैं।

जीवन में सब कुछ नहीं मिल सकता, लेकिन जो मिला है, उसके प्रति कृतज्ञ रहकर हम अपनी खुशियाँ बढ़ा सकते हैं।

इस दिवाली, दीयों का उजाला हमारे घरों में और ज्ञान, संतुष्टि, सद्भाव तथा कृतज्ञता का प्रकाश हमारे मन में बना रहे।

दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ!

What's Your Reaction?
Excited
0
Happy
0
In Love
0
Not Sure
0
Silly
0
View Comments (0)

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Are you human? Please solve:Captcha


Scroll To Top